MP Weather : बदला हवाओं का रुख! जानें कैसा रहेगा रहेगा प्रदेश में मौसम का मिजाज, जानें IMD का ताजा पूर्वानुमान
आने वाले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम में बदलाव की शुरुआत हो गई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवाओं का रुख बदल चुका है, और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले तीन दिनों तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है, लेकिन इस दौरान रात का तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और उसके आसपास सक्रिय है, जिसका असर दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में एक चक्रवात का रूप ले चुका है। साथ ही, उत्तर-पश्चिम भारत में जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है। इस बदलाव के कारण हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी हो गया है, जिससे प्रदेश में तापमान बढ़ने लगा है।
बादल और हल्की बारिश का अनुमान
मौसम विभाग का कहना है कि 12, 13 और 14 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। विशेष रूप से ग्वालियर और चंबल संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है।
ठंड में कमी की संभावना
20 फरवरी के बाद ठंड का असर कम होना शुरू हो जाएगा, और दिन-रात का तापमान बढ़ेगा। 9 फरवरी को प्रदेश में सबसे ठंडा तापमान मंडला में 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।



