छिंदवाड़ा-उपार्जित अनाज का शत-प्रतिशत परिवहन हो सुनिश्चित- कलेक्टर श्री सुमन
कलेक्टर ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ली अधिकारियों की बैठक

जुन्नारदेव से ज्ञानेश्वर विश्वकर्मा की रिपोर्ट
छिंदवाड़ा- कलेक्टर श्री सुमन ने कहा कि मौसम के दृष्टिगत कृषकों से गेंहू खरीदी का कार्य करें। प्रयास हों शेष रह गए सभी कृषकों तक एसएमएस पहुंचें और 31 मई तक खरीदी का कार्य पूर्ण हो जाए। साथ ही और गति बढ़ाते हुए उपार्जित अनाज का शत-प्रतिशत परिवहन सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने यह निर्देश गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। बैठक के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, डिप्टी कलेक्टर अजीत तिर्की, नगर पालिक निगम आयुक्त हिमांशु सिंह सहित स्वास्थ्य, उपार्जन, राशन वितरण व महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी उपस्थित थे। जबकि अन्य सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर और सीडीपीओ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। वीडियो कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शत-प्रतिशत जनसंख्या को टीकाकरण से लाभान्वित करने के लिए उनमें जागरूकता लाने का कार्य कार्ययोजना के तहत किया जाना है। इसके लिए ग्रामीणों को जोड़कर ग्राम स्तरीय टीकाकरण प्रबंधन समिति का गठन करें और उनके माध्यम से ऐसे ग्रामों कि जानकारी एकत्र कर एक सप्ताह के अंदर प्रस्तुत करें जहां लोगों में टीकाकरण को लेकर भ्रांतियां हैं। उन क्षेत्रों में टीकाकरण के प्रति जागरूकता लाने के लिए इन क्षेत्रों के प्रचलित व्यक्तित्व का चयन कर उन्हें ब्रांड एंबेसेडर बनाया जाए। साथ ही प्रत्येक ग्राम में कितनी जनसंख्या ने टीकाकरण करा लिया है तथा कितनी शेष है इसकी आयु वर्ग वार जानकारी संकलित कराएं। जिसके आधार पर इन क्षेत्रों में वैक्सिनेशन कैंप का आयोजन करने की कार्ययोजना बनाई जा सके।
विभिन्न समूहों के लिए लगाएं विशेष टीकाकरण कैंप- कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिए कि कोरोना काल में सक्रिय होकर सेवाएं देने वाले विभिन्न विभागों से जुड़े अमले, दिव्यांगजनों, जेल बंदियों के अलावा भी सेवा कार्य में सक्रिय अन्य सभी संगठनों, बिजली विभाग, सहकारिता, औद्योगिक इकाइयों, मेडिकल स्टोर संचालकों, डिलीवरी ब्वॉयज सहित अन्य समूहों के लिए भी वैक्सिनेशन के विशेष कैंप आयोजित कराएं और उन्हें टीकाकरण से लाभान्वित करें।
वर्तमान में केवल एक ग्राम रेड ज़ोन में- बैठक में समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में केवल एक ग्राम लहगडुआ है, जो वर्तमान में रेड जोन में है। यह भी आगामी दिवसों में रेड ज़ोन से मुक्त हो जाएगा। कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिए कि हमें अभी भी पूरी सावधानी बरतनी है। ग्राम एवं वार्ड स्तरीय निगरानी समितियों के माध्यम से लोगों को समझाइश दें कि सर्दी, खांसी, डायरिया, उल्टी के नए प्रकरण आने पर उन्हें होम क्वॉरेंटाइन के लिए प्रेरित किया जाए। किसी भी तरह के संभावित संक्रमण को शुरुवात में ही फैलने से रोकें। जिले के सभी क्षेत्रों में पूरी सावधानी बरती जाए, प्रयास हों कि यथा शीघ्र जिला कोरोना संक्रमण से मुक्त हो जाए। बैठक में कलेक्टर श्री सुमन द्वारा किल कोरोना अभियान 4 के संचालन, प्रतिदिन के लक्ष्य के अनुरूप सैंपलिंग कार्य, खाद्यान्न उठाव व राशन वितरण कार्य की भी विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा – निर्देश दिए गए।


