नौगांव जनपद अंतर्गत सचिव की कार्यप्रणाली से परेशान लोग

नौगांव जनपद अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत भदर्रा के लोग सचिव की कार्यप्रणाली से परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी नहीं देते। अपने चहेतों को छोड़ कर अन्य लोगों को गुमराह कर रहे हैं। पंचायत में रोजगार नहीं मिलने से कई युवा बड़े शहरों में मजदूरी कर रहे हैं। आवास, शौचालय, राशनकार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, वृद्धा पेंशन आदि के लिए ग्रामीण जूझ रहे हैं। बगैर नाली सीसी सड़क जो उखड़ ने लगे हैं। सचिव पंचायत में कभी कभी ही दर्शन देने आते हैं। आलम यह है कि पंचायत की हर योजना के लिए सचिव को पैसा देना अनिवार्य हो गया है।
ताजा मामला पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार को लेकर सामने आया है जिसमे पंचायत सचिव घनश्याम कुशवाहा द्वारा योजना के एवज में लोगों से पैसे वसूले जाने की बात सामने आयी हैं। जिसको लेकर बीते दिनों ग्रामीण भगवती अहिरवार, बंदी अहिरवार, रामस्वरूप सहित दर्जनों लोगों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम को सचिव के खिलाफ एक शिकायती आवेदन दिया था। जिस पर पीसीओ जयराम जुगेले को जांच सौंपी गई थी। सचिव ने जांच अधिकारी से सांठगांठ कर पक्ष में करा ली।
वहीं इस संबंध में जनपद सीईओ अंजना नागर का कहना हैं कि हितग्राहियों द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है मैं स्वयं ही इस मामले जांच करती हूं अगर इसमें कोई दोषी पाया जाता है तो उस पर कार्यवाही की जाएगी।


