अशोकनगर।बैंक और राशन दुकानों में नहीं हो रहा कोरोना गाइड लाइन का पालन धक्का-मुक्की का रहता हैं आलम

अशोकनगर से ओमप्रकाश रघुवंशी की रिपोर्ट
जिले में कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए कोरोना कर्फ्यू लगाया गया है। इस दौरान आवश्यक सेवाएं पेट्रोल पंप, बैंक, डाकघर, मेडिकल आदि को छूट दी गई है। इसके चलते आम लोगों को परेशानी ना हो। बैंकों और राशन दुकानों के बाहर ग्राहक दिखाई देते हैं। लेकिन कई जगह दो गज की दूरी का पालन के प्रति ग्राहक गंभीर नहीं दिखते। बैंक प्रबंधन व राशन दुकान संचालक भी इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहे हैं। यदि ऐसे हालात रहे तो कोरोना का प्रभाव बढ़ेगा। सोमवार को शहर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स समेत अधिकांश बैंकों के बाहर ग्राहकों की भीड़ थी। शारीरिक दूरी के अनुरूप ग्राहकों के खड़े होने के लिए घेरे तो बने थे, लेकिन लंबी प्रतीक्षा के कारण ग्राहकों का सब्र टूट रहा था। बगैर मास्क ही लाइन में खड़े ग्राहक बात करते करते एक दूसरे के काफी नजदीक आ रहे थे। राशन की दुकानों पर इससे भी बुरे हालात थे। जल्दी राशन लेने के लिए उपभोक्ता बेचैन थे। कई उपभोक्ता बगैर मास्क लगाए ही राशन लेने पहुंचे थे। धक्का-मुक्की का आलम था। ई-पॉस मशीन आदि सामान का बगैर सैनिटाइज किए ही इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में संक्रमण की चेन टूटने में समस्या आ सकती है।


