रतलाम आशा कार्यकर्ताओं का विधायक आवास पर प्रदर्शन
आशा कार्यकर्ता रैली के रूप में विधायक के आवास पर पहुंचीं।
रतलाम से पवन सोलंकी की रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं देने वाली आशा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विधायक आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। वेतन वृद्धि और विभिन्न मांगों को लेकर विधायक से मिलने पहुंची आशा कार्यकर्ताओं को विधायक से मिलने नहीं दिया गया, तो कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आशा कार्यकर्ताओं की मांग थी, विधायक उनसे मिलने आएं और समस्या सुनें। काफी देर बाद विधायक चैतन्य काश्यप आशा कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। उनकी समस्या को मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
दरअसल, वेतन वृद्धि की मांग कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं ने 15 जून को प्रशासन को भी ज्ञापन दिया था। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है, कोरोना महामारी में भी उन्होंने घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे और दवाई वितरण का कार्य किया है, जबकि उन्हें केवल 2 हजार रुपए का मानदेय केंद्र सरकार की ओर से मिल रहा है। प्रदेश सरकार से आशा कार्यकर्ताओं को सहायता नहीं मिल रही है। कार्यकर्ताओं ने आंध्रप्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा, वहां आशा कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार 10 हजार रुपए का मानदेय देती है।


