गुना। फायर करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने पाँच आरोपियों को किया गिरफ्तार

संवाददाता – विजय ओझा
गुना । सिसौदिया कॉलोनी में फायर करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।
उल्लेखनीय है कि गत् 30 मई को सिसौदिया कॉलोनी में कार से 4-5 लड़के उतरे और इनमें से एक ने बीच सड़क पर ही हवाई फायर कर दिया, इनकी इस हरकत से कोई भी बड़ी अन्होनी घटना हो सकती थी। इस घटना के साक्षी एवं फरियादी कौशल किशोर पुत्र ओम कैलाश दुवे की रिपोर्ट पर से अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना कोतवाली गुना में प्रकरण पंजीवद्ध कर विवेचना में लिया गया।शहर के बीचों-बीच रहवासी क्षेत्र में शहर के संभावित सीसीटीव्ही कैमरों को खंगाला गया। इसी बीच रात्रि में पुलिस को सूचना मिली कि सिसौदिया कॉलोनी में हवाई फायर करने वाले लोग बजरंगढ़ के पास जन्मदिन पार्टी मनाकर सफेद रंग की सलेरियो कार से गुना की ओर निकले हैं, इस सूचना के मिलते ही पुलिस टीम तुरंत ही हड्डीमील के आगे शनि मंदिर तिराहे पर पहुंची और जहां पर उक्त कार के आते ही पुलिस द्वारा घेराबंदी कर कार को रोक लिया और कार में सबार पांच लोगों को हिरासत में लेकर नाम पता पूछने पर उन्होंने अपने नाम पीयूष पुत्र नरेश सिंह तोमर , गिर्राज पुत्र रामस्वरूप शर्मा , दीपक पुत्र मोतीलाल रावत , दीपक पुत्र राजवहादुर शर्मा ,आशीष पुत्र दिनेश झा बताये एवं जिन्होने पुलिस को बताया कि वह ग्वालियर से गुना अपने दोस्त के जन्मदिन में शामिल होने आये थे और हमारे सिसौदिया कॉलोनी गुना स्थित अपने दोस्त के घर के बाहर पहुंचने पर दोस्त के जन्मदिन की खुशी में गिर्राज शर्मा की लायसेंसी 315 बोर अदिया बंदूक से दीपक रावत द्वारा हवाई फायर किया गया था, इसके बाद हम लोग वहां से बजंरगढ़ तरफ पार्टी करने के लिये निकल गये। पुलिस द्वारा पकड़ में आये लोगों व कार की तलाशी लेने पर 315 बोर की अदिया बंदूक कार में मिल गई एवं इनके पास ग्वालियर के एक आरक्षक का फर्जी आईडी कार्ड भी मिला है, जिसका उपयोग उनके द्वारा रास्ते के टोलनाकों पर किया था। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 315 बोर की अदिया बंदूक, सलेरियो कार एवं पुलिस आरक्षक के नाम का फर्जी आईडी कार्ड जप्त कर पांचों को गिरफ्तार किया एवं प्रकरण में भारतीय दंड विधान की धारा 419, 188, 269, 270 व आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 तथा 30 आर्म्स एक्ट की धाराओं का इजाफा किया गया है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को पुलिस द्वारा आज न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है। घटनाक्रम में आरोपियों को गिरफ्तार करने में कोतवाली थाना प्रभारी मदनमोहन मालवीय, सीसीटीव्ही कंट्रोल से भूपेन्द्र सिंह सेंगर, आरक्षक विनीत भारद्वाज, आरक्षक धीरेन्द्र गुर्जर, एवं आरक्षक राजेश लोधा की भुमिका रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा इस टीम को पुरूष्कृत किये जाने की घोषणा की गई है।



