MP News : बैतूल कोयला खदान हादसा! तीन मजदूरों की मौत, प्रशासन ने शुरू की जांच

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब सारणी स्थित बागडोना-छतरपुर खदान में छत का स्लैब गिरने से कई मजदूर दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। अब तक मलबे से तीन मजदूरों को निकाला जा चुका है, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ, डब्ल्यूसीएल और पुलिस बल ने राहत और बचाव कार्य किया। खदान में काम कर रहे अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
मृतकों के परिजनों को मिलेगी सहायता राशि
इस हादसे में गोविंद कोसरिया (शिफ्ट इंचार्ज, 37 वर्ष), हरि चौहान (ओवरमैन, 46 वर्ष) और रामदेव पंडोले (माइनिंग सरदार, 49 वर्ष) की मौत हो गई। प्रशासन ने वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को तत्काल 1.5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाए। इसके अलावा, एक्स-ग्रेसिया, ग्रेच्युटी, कंपनसेशन, पीएफ और अन्य लाभ भी जल्द जारी किए जाएंगे।
हादसे के कारणों की जांच जारी
इस घटना के बाद प्रशासन ने माइनिंग सुरक्षा मानकों की समीक्षा के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


