कांग्रेस आर्थिक तंगी से जूझ रही, पार्टी ने राज्यों से मांगा फंड’

कांग्रेस पार्टी इस समय आर्थिक तंगी से जूझ रही है। कांग्रेस सात साल से केंद्र की सत्ता से दूर विपक्ष में है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस को फंड की भारी कमी हो गई है। इसलिए पार्टी के नेताओं ने उन राज्यों से मदद मांगी है, जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है।
खबरों के अनुसार, बीते दिनों आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के कुछ वरिष्ठ सदस्यों ने इस मुश्किल हालात से निपटने के लिए झारखंड, महाराष्ट्र और पंजाब के नेताओं से वार्ता की थी। इस मीटिंग राज्य के मंत्रियों के अलावा संगठन के भी कई नेता शामिल हुए थे।
मीडिय रिपोर्ट के मुताबिक, मीटिंग में मुख्य तौर पर राज्य में नए अध्यक्षों की नियुक्ति और संगठन में बदलाव को लेकर बातचीत होनी थी। लेकिन इस मीटिंग में फंड की कमी को लेकर बातचीत की गई थी।
इस समय कांग्रेस पार्टी की निगाहें पांच राज्यों में होने वाले विधान चुनाव पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुदुचेरी पर टिकी हैं। इसलिए पार्टी को फंड की जरूरत है। इसके अलावा कांग्रेस के नए हेडक्वार्टर के कंसट्रक्शन का कार्य चल रहा है। इसके लिए भी पैसे की जरूरत है।
क्यों आ रही फंड जुटाने में दिक्कत
जानकारी के लिए आपको बता दें कि साल 2014 से कांग्रेस सत्ता से बाहर है। देश में भारतीय जनता पार्टी के बढ़ते कद के आगे कांग्रेस पार्टी राज्यों में कमजोर होती दिख रही है। वर्तमान समय में कांग्रेस की पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार है।
इसके अलावा, महाराष्ट्र और झारखंड में कांग्रेस की गठबंधन की सरकार है। ऐसा बताया जाता है कि प्राइवेट संस्थानों से तभी किसी पार्टी को फंड मिलता है जब वो सत्ता में रहती हैं। खबरों की मानें तो पार्टी अपने सांसद और विधायकों को दान देने के लिए कह रही है।


