राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का निधन, अयोध्या में शोक की लहर

अयोध्या के राम मंदिर के मुख्य पुजारी, आचार्य सत्येंद्र दास, का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। आज सुबह 8 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके शिष्य प्रदीप दास ने उनके निधन की पुष्टि की है। उनका पार्थिव शरीर पीजीआई से अयोध्या लाया जा रहा है, और कल सरयू नदी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती थे
आचार्य सत्येंद्र दास लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। ब्रेन हेमरेज के कारण उन्हें लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था, जहां वह डॉक्टरों की निगरानी में इलाज करा रहे थे। उनका स्वास्थ्य बहुत बिगड़ चुका था, और वह डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों से भी प्रभावित थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आचार्य सत्येंद्र दास के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “आचार्य श्री सत्येन्द्र कुमार दास जी का निधन अत्यंत दुःखद है। यह समाज और आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्रीराम से उनकी आत्मा को शांति और उनके शिष्यों को इस दुख को सहन करने की शक्ति मिले।”



