Delhi Election Results 2025 : आतिशी ने कालकाजी सीट पर हासिल की शानदार जीत, BJP के रमेश बिधूड़ी को हराया

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) सत्ता से बाहर होती दिखाई दे रही है, जबकि कालकाजी सीट से पार्टी की मुख्यमंत्री उम्मीदवार आतिशी ने शानदार जीत दर्ज की है। बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी को और कांग्रेस ने अलका लांबा को मैदान में उतारा था। हालांकि, AAP के दिग्गज नेता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया दोनों ही हार गए। केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से बीजेपी के प्रवेश वर्मा ने हराया, वहीं मनीष सिसोदिया को जंगपुरा सीट पर बीजेपी के तजिंदर सिंह मारवाह ने मात दी।
सिसोदिया की हार के बाद क्या था उनका संदेश?
जंगपुरा से हार स्वीकार करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा, “मैं जीतने वाले उम्मीदवार को बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि वे इस क्षेत्र के लोगों की प्रगति और कल्याण पर पूरा ध्यान देंगे।”
AAP के और भी बड़े नेता हुए हार का शिकार
राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से AAP के दुर्गेश पाठक को भी हार का सामना करना पड़ा, जहां बीजेपी के उमंग बजाज ने जीत हासिल की। हालांकि, कोंडली विधानसभा सीट से AAP के कुलदीप कुमार ने जीत दर्ज की, जबकि कस्तूरबा नगर विधानसभा से बीजेपी के नीरज बसोया ने बाजी मारी।
दिल्ली में बीजेपी की 27 साल बाद धमाकेदार वापसी
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक बीजेपी 47 सीटों पर आगे चल रही है, जिसमें से दो सीटों पर उसने जीत भी हासिल की है। यह बीजेपी की ऐतिहासिक जीत है, क्योंकि दिल्ली की सियासत में 27 साल बाद पार्टी की वापसी हो रही है। पिछले चुनाव में जहां AAP ने 62 सीटें जीती थीं, वहीं बीजेपी को सिर्फ 8 सीटें मिली थीं। अब चुनाव आयोग के ताजे आंकड़ों के अनुसार, AAP ने केवल दो सीटों पर जीत दर्ज की है और 23 सीटों पर आगे चल रही है।


