पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) की तैयारियां जोरों पर

आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल विधानभा चुनाव (West Bengal Election) के लिए पहली सूची जारी करते हुए 57 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) से भाजपा में शामिल हुए शुभेंदु अधिकारी को नंदीग्राम (Nandigram) से टिकट दिया गया है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने भी नंदीग्राम से ही चुनाव लड़ने का एलान किया है। ऐसे में इस सीट पर मुकाबला रोमांचक हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति ने 57 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए हैं। नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी चुनाव लड़ेंगे। क्रिकेटर से नेता बने अशोक डिंडा को भी टिकट दिया गया।
बता दें कि टीएमसी ने बीते शु्क्रवार को 291 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की थी। प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी करते हुए ममता बनर्जी ने कहा था कि वह स्वयं नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी। ममता बनर्जी हालांकि भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ती रही हैं। नंदीग्राम से भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी के चुनाव मैदान में उतरने से यह मुकाबला रोमांचक हो गया है। कभी ममता के करीबी माने जाने वाले शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि वे नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को 50 हजार वोटों से हराएंगे। ऐसा नहीं कर पाए तो राजनीति से संन्यास ले लेंगे।


