धार कलेक्टर ने माइनिंग इंस्पेक्टर को हटाया! केंद्रीय मंत्री की शिकायत पर कलेक्टर का एक्शन

मध्य प्रदेश के धार जिले में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने माइनिंग इंस्पेक्टर संदेश पिपलोदिया को हटा दिया है। यह कार्रवाई केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर की शिकायत के बाद की गई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि पिपलोदिया अधिकारियों की बैठक में लोगों से रिश्वत मांग रहे थे।
खुलासा: रिश्वत की मांग और विवाद
सावित्री ठाकुर ने बताया कि पिपलोदिया लोगों से कहते हैं कि “यदि नेतागिरी के जरिए आओगे, तो ज्यादा पैसे लगेंगे, और सीधे मिलने पर कम राशि में काम होगा।” उनके इस व्यवहार के चलते कलेक्टर ने उन्हें धारमपुरी क्षेत्र से हटाकर जिला कार्यालय में अटैच कर दिया है। इसके साथ ही, उनके खिलाफ कार्य में लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
अवैध उत्खनन के मामले में बढ़ी जांच
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि पिपलोदिया के खिलाफ लोगों से लापरवाही की कई शिकायतें मिली थीं। सूत्रों के अनुसार, धामनोद क्षेत्र में अवैध उत्खनन के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद पिपलोदिया पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। कहा जा रहा है कि पकड़ी गई जेसीबी बीजेपी नेता की थी, और स्थानीय लोग अवैध खनन के चलते बाढ़ के खतरे का सामना कर रहे हैं।


