महंगाई के विरोध में समाजसेवियों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

खबर मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर से है जहां समाजसेवियों ने बढ़ती हुई महंगाई को लेकर नरसिंहपुर एसडीएम को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा है। समाजसेवियों का कहना है कि महंगाई आज चरम सीमा पर है, जिसके कारण आम जनता को जीवन यापन करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार के टैक्स लगाए जा रहे हैं। जिसके कारण आम जनता की रोजमर्रा की जरूरतें जैसे कपड़ा ,खाने की वस्तु, डीजल, पेट्रोल, गैस आदि में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। गैस सब्सिडी के नाम पर सिर्फ 6/-से 7/- रूपये आ रहे है। वही रेलवे विभाग के द्वारा भी यात्री किराए में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है। जो प्लेटफार्म टिकट 10/- रूपये में मिलती थी आज वह टिकट 50/- रूपये में मिल रही है। रेल के जनरल डिब्बे में रिजर्वेशन के नाम पर अतिरिक्त किराया वसूला जा रहा है। साथ ही उनका कहना है कि सरकार के निजीकरण के कारण युवाओं को कई वर्षों से नौकरियां नहीं मिल रही है।
सभी समाजसेवियों ने इन्हीं सब मांगों को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम नरसिंहपुर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा हैं
नरसिंहपुर से मनोज शुक्ला की रिपोर्ट


