कोलकाता नाइट राइडर्स ने किया अपने नए कप्तान का ऐलान

IPL 2025 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने कप्तान का नाम घोषित कर सभी को चौंका दिया है। श्रेयस अय्यर, जो पिछले सीजन तक टीम के कप्तान थे और केकेआर को चैंपियन भी बनाया था, को आईपीएल 2025 से पहले रिलीज कर दिया गया था। अब टीम ने अपने नए कप्तान के रूप में अनुभवी अजिंक्य रहाणे का नाम लिया है। वहीं, वेंकटेश अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है।
अजिंक्य रहाणे को मिली बड़ी जिम्मेदारी
अजिंक्य रहाणे दूसरी बार कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा बने हैं। पहले 2022 में भी वह इस टीम का हिस्सा थे, लेकिन अब मेगा ऑक्शन में केकेआर ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये खर्च कर खरीदा। इस बार उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो उनके लिए एक शानदार मौका है। केकेआर के सीईओ वेंकी माईसोर ने कहा, “हमें खुशी है कि अजिंक्य रहाणे जैसे अनुभवी खिलाड़ी को कप्तान बनाया गया है, जो अपनी नेतृत्व क्षमता से टीम को मजबूती देंगे।”
अजिंक्य रहाणे ने कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने पर कहा, “कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारे पास एक बेहतरीन और संतुलित टीम है। मैं सभी खिलाड़ियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं और इस चुनौती को स्वीकार करता हूं।”
आईपीएल में रहाणे का शानदार करियर
अजिंक्य रहाणे आईपीएल के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने इस लीग में 185 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 30.14 की औसत से 4642 रन बनाए हैं। उनके नाम 30 अर्धशतक और 2 शतक भी हैं। केकेआर के लिए रहाणे ने 7 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 133 रन बनाए। इसके अलावा, रहाणे पहले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रह चुके हैं, जिसका अनुभव अब केकेआर की कप्तानी में काम आने वाला है।



