Madhya Pradeshताजा ख़बरें

Cabinet Meeting Decision : मध्य प्रदेश कैबिनेट बैठक, गेहूं पर बोनस, सीमांकन-बटांकन अब होगा डिजिटल

Cabinet Meeting Decision : मंगलवार, 4 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक भोपाल स्थित मंत्रालय में आयोजित हुई। इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लिए गए फैसलों की जानकारी दी।

जय गंगा जल संवर्धन अभियान को मंजूरी

कैबिनेट ने ‘जय गंगा जल संवर्धन अभियान’ को मंजूरी दे दी है, जो 30 मार्च से 30 जून तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश की जल संरचनाओं का संरक्षण और जल संरक्षण को बढ़ावा देना है। सरकार जनता को वॉटर रिचार्जिंग के लिए प्रेरित करेगी।

किसानों को गेहूं पर बोनस और धान पर प्रोत्साहन राशि

सरकार ने गेहूं की एमएसपी दर पर खरीदी के तहत 175 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने का फैसला किया है। किसानों को एमएसपी 2425 रुपए के अतिरिक्त 2600 रुपए प्रति क्विंटल का मूल्य मिलेगा। धान पर सरकार ने 4 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की प्रोत्साहन राशि देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

सीमांकन-बटांकन प्रक्रिया होगी पूरी तरह ऑनलाइन

डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 138.41 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है। अब सीमांकन और बटांकन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिससे प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मास्टर टीचर का प्रशिक्षण

कैबिनेट में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मास्टर टीचर के रूप में प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया गया। इस प्रशिक्षण के तहत उन्हें बच्चों को व्यावहारिक और सामान्य ज्ञान सिखाने की विधि सिखाई जाएगी।

प्लानिंग एरिया के बाहर भी स्थापित होंगे उद्योग

सरकार ने निर्णय लिया है कि प्लानिंग एरिया के बाहर भी बड़े उद्योग स्थापित किए जा सकेंगे। उद्योगों से जुड़े प्रस्ताव आने पर सरकार इन्हें अनुमति देगी, जिससे प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

सीएम का अभिनंदन और निवेश पर जोर

बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सफल ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) को लेकर अभिनंदन किया गया। बैठक में 30.77 लाख करोड़ रुपए के निवेश को जमीन पर उतारने की योजना साझा की गई।
सरकार ने निवेश की निगरानी के लिए तय किया:

  • हर सप्ताह: विभागीय प्रमुख सचिव निवेश प्रस्तावों की समीक्षा करेंगे।
  • हर महीने: मुख्य सचिव निवेश योजनाओं का अवलोकन करेंगे।
  • हर दो महीने: मुख्यमंत्री स्वयं समीक्षा बैठक करेंगे।

गुड़ी पड़वा और विक्रमोत्सव का भव्य आयोजन

कैबिनेट ने फैसला लिया कि भारतीय नववर्ष गुड़ी पड़वा को राज्य सरकार धूमधाम से मनाएगी। इसके तहत पूरे प्रदेश में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, उज्जैन में चल रहे विक्रमोत्सव के दौरान 30 मार्च को एक भव्य आयोजन किया जाएगा।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close
Close