शाजापुर । कार्यकर्ताओं की ताकत है डॉक्टर मुखर्जी के विचार। जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा ने किए कई कार्यक्रम आयोजित।

वाहिद खान की रिपोर्ट
शाजापुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 6 जुलाई को जयंती थी। 6 जुलाई 1901 में कलकत्ता में उनका जन्म हुआ था। श्यामा प्रसाद मुखर्जी बैरिस्टर और शिक्षाविद थे। उन्होंने पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के मंत्रिमंडल में उद्योग और आपूर्ति मंत्री के रूप में कार्य किया। मुखर्जी ने अपनी दूरदर्शी सोच से देश में शिक्षा, स्वास्थ्य व औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखने और सामरिक दृष्टि से भारत को सशक्त बनाने में अहम योगदान दिया। उनके सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार चिरकाल तक प्रासंगिक रहेंगे। यह बात मप्र खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सुरेश आर्य ने कही। वे मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय पर डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए बोल रहे थे। श्री आर्य ने आगे कहा कि मुखर्जी ने भारत की एकता और प्रगति के लिए अपना जीवन खपा दिया। उन्होंने एक असाधारण विद्वान के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। श्यामा प्रसाद मुखर्जी जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष राज्य के दर्जा के खिलाफ थे और उन्होंने राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा बताते हुए अनुच्छेद 370 का पुरजोर विरोध किया था। संसद के भीतर और बाहर इसके खिलाफ कड़ी लड़ाई लड़ी। भारतीय जनसंघ का मकसद इसे तत्काल समाप्त करना था। मुखर्जी ने 26 जून 1952 को अपने लोकसभा भाषण में इस प्रावधान के खिलाफ आवाज उठाई। राज्य का अलग झंडा होने और प्रधानमंत्री के प्रवाधान पर मुखर्जी ने कहा था ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे। मोदी सरकार ने 2019 में इसको समाप्त कर दिया। इस अवसर जिला महामंत्री दिनेश शर्मा एवं कार्यक्रम प्रभारी अशोक कवीश्वर भी मंचासीन थे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के पूर्व पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यापर्ण एव दिप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए कार्यक्रम वर्चुअल हुआ जिसमे जिले भर के कार्यकर्ता ऑनलाइन इस कार्यक्रम में सहभागी हुए और जिला कार्यालय पर चयनित कार्यकर्ता ही कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के पश्चात हाउसिंग बोर्ड कालोनी स्थित डॉ अम्बेडकर पार्क में पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में जिले भर से कार्यकर्ता ऑनलाइन कार्यक्रम में जुड़े रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत भाजपा नगर अध्यक्ष नवीन राठौर ने किया। संचालन अंकित आचार्य ने किया आभार अर्पित परिहार ने माना।


