हवन पूजन कर मनाई गई मां कर्मा देवी जयंती

सिलवानी से शुभम साहू की रिपोर्ट
सिलवानी। साहू समाज की आराध्य मां कर्मा देवी जयंती समारोह लघु रूप में मनाया गया। बुधवार को साहू समाज धर्मशाला में नोवेल कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते समाज ने भव्य आयोजन न करते हुए सूक्ष्म रूप में कार्यक्रम किया। जिसमें पंडित भूपेन्द्र शास्त्री द्वारा पूजा अर्चना, आरती व हवन संपन्न कराया। इसके पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों द्वारा शासन की गाइड लाइन का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंस और मास्क लगाकर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर साहू समाज के अध्यक्ष श्याम साहू, विकास साहू, नवल किशोर साहू ने मां कर्मा देवी की बाल काल, गृहस्थ जीवन के साथ ही सामान्य महिला से भक्त शिरोमणि बनने की कथा पर प्रकाश डालते हुए बताया उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान जगदीश स्वयं मंदिर से निकल कर उन्हें दर्शन देने के लिए समुद्र तट पर पहुंचे थे। मां कर्मा देवी ने उन्हें खिचड़ी खिलाई थी। आज भी भगवान जगदीश स्वामी को खिचड़ी का भोग अनिवार्य रूप से लगाया जाता है। इस मौके पर सीताराम साहू, उदयराम साहू, राजीव साहू, रितिक साहू, घनश्याम साहू, राजमल साहू, मुकेश साहू, शुभम साहू आदि मौजूद रहे।


