कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर काबू पाने के लिए 56 घंटे का टोटल लॉकडाउन का असर शुक्रवार शाम 6 बजे से ही पूरे शहर में नजर आया।

अशोकनगर से ओमप्रकाश रघुवंशी की रिपोर्ट
अशोकनगर। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर काबू पाने के लिए 56 घंटे का टोटल लॉकडाउन का असर शुक्रवार शाम 6 बजे से ही पूरे शहर में नजर आया। धारा 144 की प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने से दूध-दवा को छोडक़र शहर में सब कुछ बंद रहा। शुक्रवार शाम 6 बजते ही पुलिसे के वाहन चैकिंग करने सडक़ों पर उतर पड़े और पूरे शहर में घूमकर दुकानों को बंद कराया गया। वहीं बेवजह घूम रहे लोगों को भी वापिस घर भेजा गया।
जिले में पिछले कुछ दिनों में कोरोना संक्रमण के 143 नए मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना के बढ़ते आंकड़ों के चलते शहर में लॉकडाउन लगाना पड़ा। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस जवान तैनात हैं। शाम होते ही शहर में जगह-जगह चेकिंग प्वाइंटों पर पुलिस ने मोर्चा संभाला लिया। गली-मोहल्लों की सडक़ों पर लॉकडाउन का पालन करने के लिए पुलिस वाहन लगातार गश्त करते नजर आए। शुक्रवार शाम 6 बजते ही सडक़ों पर सन्नाटा पसरना शुरु हो गया था।
सिर्फ इन्हें मिली है लॉकडाउन में छूट:
दूध, दवा की दुकान और अस्पतालों को लॉकडाउन में छूट मिली है। आवश्यक वस्तुओं के थोक परिवहन, औद्योगिक ईकाइयों और उनके श्रमिकों व कर्मियों, औद्योगिक कच्चे माल और उत्पाद के परिवहन, बीमार व्यक्तियों के परिवहन, बाहर से आने वाले ट्रक, डंपरों को, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से आने-जाने की छूट रहेगी। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को छूट दी है।
इन गतिविधियों पर टोटल लॉकडाउन:
सभी निजी व शासकीय संस्थाएं। दुकान, होटल, प्रतिष्ठान, जिम, स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, स्विमिंग पूल, सिटी बस, ऑटो, टैक्सी, खुदरा व थोक दुकानें, मार्केट, क्लब, बगीचे, रेस्टारेंट, खानपान की दुकानें, मंडियां, शराब दुकानें, किराना दुकानें, सब्जी दुकानें बंद हैं। हालांकि गली-मोहल्लों में सुबह कुछ ठेले पर सब्जी वाले निकले थे।


