देश में कब और कहाँ कहाँ होंगे विधानसभा चुनाव

पश्चिम बंगाल और असम समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Election 2021) की तारीखों पर चर्चा के लिए आज (24 फरवरी) दिल्ली में चुनाव आयोग (Election Commission) की बैठक होगी। चुनाव आयोग ने बताया कि बैठक में आगामी विधान सभा चुनावों की तैयारी को अंतिम रूप देने पर चर्चा होगी। बता दें कि पश्चिम बंगाल के अलावा असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में इस साल मई-जून में विधान सभा चुनाव होने वाले हैं।
आपको बता दें कि चुनाव आयोग (Election Commission) के उप चुनाव आयुक्त और प्रभारी सुदीप जैन तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को कोलकाता का दौरा करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान सुदीप जैन तैयारियों को लेकर जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षकों के साथ कई बैठकें करेंगे। इससे पहले चुनाव आयोग ने एक बयान में बताया था कि केंद्रीय पुलिस बलों (CPF) की 12 कंपनियों को पश्चिम बंगाल भेजा जाएगा। आयोग ने कहा था कि सभी राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती की जाती है, ऐसा सिर्फ पश्चिम बंगाल के लिए नहीं है।
कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus Pandemic) के बीच पहली बार इतने ज्यादा राज्यों में एक साथ चुनाव होने वाले हैं। महामारी की स्थिति को देखते हुए इन राज्यों में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इससे पहले चुनाव आयोग ने पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में बिहार में विधान सभा चुनावों का आयोजन कराया था, जहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई थी।
पश्चिम बंगाल में विधान सभा की कुल 294 सीटें हैं और ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सरकार का कार्यकाल 30 मई को खत्म हो रहा है। पश्चिम बंगाल के अलावा तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में भी राज्य सरकारों का कार्यकाल मई और जून में खत्म हो रहा है।
दशकों से राजनीतिक रूप से ध्रुवीकृत पश्चिम बंगाल (West Bengal) में सीमित उपस्थिति होने के बाद भाजपा (BJP) ने 2019 के आम चुनाव में राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 18 पर जीत हासिल की थी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) की मुख्य प्रतिद्वंद्वी बनकर उभरी है। बता दें कि टीएमसी ने लोक सभा चुनाव में 22 सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन भाजपा उससे सिर्फ चार सीट दूर रही थी।


