पन्ना पुलिस ने अंधे हत्याकांड का किया खुलासा, साधु के भेष में रहते थे आरोपी

पन्ना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने धर्मसागर तालाब के पास जंगल में एक बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी।
हत्या के पीछे पैसों का लालच
कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने जानकारी दी कि 4 फरवरी 2025 को इनायत खान, निवासी कटरा मोहल्ला, ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके सौतेले पिता मनीराम उर्फ मुनीर खां (65) का शव जंगल में पड़ा है। किसी ने धारदार हथियार से उनकी गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया।
सीसीटीवी फुटेज और जांच से मिला सुराग
हत्या के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पूछताछ में पता चला कि एक महिला और एक पुरुष मृतक के घर आते-जाते थे, लेकिन उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। इसके बाद मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर दो संदिग्धों—एक पुरुष और एक महिला—को सकरिया इलाके से हिरासत में लिया गया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसका बड़ा भाई साधु के भेष में रहता था और उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने मृतक को जादू-टोना करने का झांसा देकर जंगल में बुलाया और वहां कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मृतक के घर गए और अलमारी से 20,000 रुपये नकद, एक चांदी का सिक्का, एक चांदी का हार, मोबाइल फोन और बैंक पासबुक लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने किया सामान बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों के बताए अनुसार घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, 7000 रुपये नकद और मृतक की बैंक पासबुक बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


