केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की शिरकत! भोपाल ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की कई घोषणाएं

MP GIS 2025 : मनोहर लाल खट्टर ने सस्ते मकानों और निवेशकों के लिए नई योजनाओं की घोषणा की
भोपाल में चल रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भाग लिया और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि भोपाल मेट्रो की और भी कुछ मांगें आई हैं, जिन्हें जल्द ही पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही, सस्ते मकान प्रदान करने की दिशा में काम किया जा रहा है, और जरूरत के अनुसार सरकार निवेशकों की मदद करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के तहत निवेशकों को कई सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे निवेश की प्रक्रिया और भी सरल हो सके।
मध्य प्रदेश की पॉलिसियों से निवेशकों को होगा लाभ
मंत्री खट्टर ने इस दौरान ‘अनलॉकिंग लैंड वैल्यू एंड सिटीज’ सत्र में शिरकत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की 18 पॉलिसियों से राज्य में निवेशकों को फायदा मिलेगा। उन्होंने स्लम एरिया के विकास के लिए भी सरकार की योजनाओं पर जोर दिया और कहा कि इन क्षेत्रों के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने निवेशकों से सुझाव लेकर पॉलिसी में सुधार करने की बात भी कही।
सस्ते आवासों के लिए मंजूरी और योजना
केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर पीएम आवास योजना के तहत मध्य प्रदेश को 10 लाख आवासीय मकानों के प्रस्ताव को मंजूरी देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि 2047 तक देश की नगरीय आबादी 50% तक बढ़ने का अनुमान है, और इसके लिए हर शहर में विकास के मापदंड तय किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने टीओडी पॉलिसी (Transit Oriented Development) का जिक्र करते हुए सस्ते आवासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
MP की EV पॉलिसी को मिलेगा बढ़ावा
मनोहर लाल खट्टर ने मध्य प्रदेश की इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी की तारीफ करते हुए कहा कि इससे राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, स्लम डेवलपमेंट के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव अनुराग जैन के प्रयासों की सराहना की और कहा कि उनके अनुभव से लाभ उठाना चाहिए।


