रमजान में खरीदारी को लेकर बयानबाजी तेज, कांग्रेस-BJP नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं

BJP MLA Ramashwar Sharma : मध्य प्रदेश में सोशल मीडिया पर एक वायरल मैसेज ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। इस मैसेज में रमजान के दौरान मुस्लिम दुकानदारों से ही खरीदारी करने की अपील की गई है। इस मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है।
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद बोले – “नफरत फैलाने की साजिश”
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने इस मैसेज को अफवाह बताते हुए कहा कि यह किसी भी मुस्लिम संगठन या उलेमा का आधिकारिक फैसला नहीं है, बल्कि यह किसी व्यक्ति विशेष की सोच हो सकती है। उन्होंने साफ किया कि इसका कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि समाज में ऐसी सोच को स्वीकार्यता नहीं मिलती।
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का पलटवार – “हिंदुओं को चुनौती मत दो”
इस पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कड़ा जवाब देते हुए कहा कि भारत का संविधान सभी को समान अधिकार देता है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा,
“अगर हिंदुओं ने बॉयकॉट किया तो मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। हिंदू सबको जीने का अधिकार देता है, लेकिन चुनौती देने वालों के लिए खड़ा भी हो सकता है।”
“हिंदू शेर है, बदला लेना जानता है” – रामेश्वर शर्मा
रामेश्वर शर्मा ने आगे कहा कि हिंदू सहिष्णुता का प्रतीक है, लेकिन जरूरत पड़ने पर जवाब देना भी जानता है। उन्होंने कहा,
“हम चींटी को दाना डालते हैं और सांप को दूध पिलाते हैं, लेकिन जब समय आता है, तो कान्हा उसी सांप पर नाचता है।”
राजनीतिक बयानबाजी से गर्माया माहौल
सोशल मीडिया पर वायरल कैंपेन और नेताओं की बयानबाजी से प्रदेश में राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। जहां कांग्रेस इसे नफरत फैलाने की साजिश बता रही है, वहीं बीजेपी इसे संविधान और हिंदुओं के अपमान से जोड़ रही है। अब देखने वाली बात होगी कि इस मुद्दे पर सरकार और प्रशासन क्या रुख अपनाते हैं।



