लंदन में PoK पर बोले विदेश मंत्री एस जयशंकर, पाकिस्तान को मिलेगा जवाब

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लंदन में चैथम हाउस थिंक टैंक में ‘विश्व में भारत का उदय और भूमिका’ विषय पर संबोधित करते हुए कश्मीर के विकास को लेकर केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि जम्मू और कश्मीर में 370 धारा को हटाना और कश्मीर में सामाजिक न्याय, विकास और आर्थिक गतिविधियों को फिर से स्थापित करना सरकार की प्राथमिकताओं में था। इसके साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर में चुनावों के अच्छे वोटिंग प्रतिशत को भी एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
PoK की वापसी पर एस जयशंकर का बयान
एस जयशंकर ने कश्मीर के पाकिस्तान द्वारा कब्जे गए हिस्से (PoK) के बारे में कहा, ‘हम जिस दिन का इंतजार कर रहे हैं, वह दिन कश्मीर के उस हिस्से की भारत में वापसी का है, जिसे पाकिस्तान ने अवैध तरीके से चुराया है। जब यह हिस्सा वापस होगा, तो कश्मीर का मुद्दा हल हो जाएगा।’ उनका मानना है कि यह कदम कश्मीर के स्थायी समाधान के लिए महत्वपूर्ण है।
अमेरिका के साथ व्यापार और क्वाड पर विदेश मंत्री का बयान
विदेश मंत्री ने अमेरिका की नीतियों पर भी चर्चा की और कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका बहुध्रुवीय दृष्टिकोण की ओर बढ़ रहा है, जो भारत के लिए फायदेमंद है। उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, क्वाड (क्वाड्रिलैटरल सिक्योरिटी डायलॉग) को एक साझा उद्यम के रूप में देखा, जिसमें सभी सदस्य देशों के हितों का सम्मान किया जाता है और कोई भी देश मुफ्त लाभ नहीं प्राप्त करता।
चीन के साथ भारत के रिश्तों पर एस जयशंकर की राय
चीन को लेकर विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और चीन के बीच रिश्ते बहुत ही विशिष्ट हैं, क्योंकि दोनों देशों की संयुक्त आबादी दो अरब से अधिक है। उन्होंने कहा कि भारत चीन के साथ एक ऐसा रिश्ता चाहता है जिसमें दोनों देशों के हितों का सम्मान हो और संवेदनशील मुद्दों पर दोनों पक्षों के लिए सहमति बनी रहे।



