Global Investors Summit 2025 in Madhya Pradesh : CM डॉ. मोहन यादव का विश्वास, ‘समिट राज्य को नई आर्थिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी’

Global Investors Summit 2025 in Madhya Pradesh: आज से मध्य प्रदेश में शुरू हुई दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 (GIS 2025) को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति को लेकर आशा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह समिट राज्य को नई आर्थिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस समिट का शुभारंभ करते हुए मध्य प्रदेश सरकार की सराहना की और कहा कि दो दशक पहले जहां लोग मध्य प्रदेश में निवेश करने से डरते थे, वहीं अब भाजपा सरकार की नीतियों के कारण यह राज्य निवेश के लिए शीर्ष राज्यों में शुमार हो गया है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी टीम को बधाई दी।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति से प्रदेश में निवेशकों का विश्वास और मजबूत हुआ है, और इस समिट से राज्य में औद्योगिक विकास, उद्यमिता और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि यह समिट राज्य की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और मध्य प्रदेश को ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक मजबूत कदम सिद्ध होगी।
समिट की थीम ‘अनंत संभावनाएँ’ है, जो मध्य प्रदेश में उद्योग और निवेश की असीमित संभावनाओं को दर्शाती है। डॉ. यादव ने कहा कि यह केवल एक विचार नहीं, बल्कि राज्य के हर क्षेत्र में संभावनाओं के विस्तार को दिखाने वाला दृष्टिकोण है।


