श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, अमरनाथ यात्रा का शेड्यूल जारी, जानें कब से शुरू होगी यात्रा?

बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए अच्छी खबर है! इस साल अमरनाथ यात्रा का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया गया है। श्रद्धालु 3 जुलाई से 9 अगस्त 2025 तक पवित्र गुफा में शिवलिंग के दर्शन कर सकेंगे। इस बार यात्रा की अवधि कुल 38 दिनों की होगी। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की बैठक में यह फैसला लिया गया, जिसमें यात्रा की सभी तैयारियों पर चर्चा हुई।
अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण जल्द होगा शुरू
यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, ताकि भक्त अपनी यात्रा की योजना समय पर बना सकें। हर साल की तरह इस बार भी रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकेगा। इसके लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट साइज फोटो की आवश्यकता होगी।
श्राइन बोर्ड की बैठक में हुआ फैसला
अमरनाथ यात्रा के शेड्यूल को अंतिम रूप देने के लिए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और श्राइन बोर्ड के चेयरमैन मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात, मुख्य सचिव अटल ढुल्लू समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान यात्रा की सुरक्षा, व्यवस्था और अन्य जरूरी पहलुओं पर चर्चा हुई।
पिछले साल से कम होगी यात्रा अवधि
पिछले वर्षों में अमरनाथ यात्रा 45 से 60 दिनों तक चलती थी, लेकिन इस बार इसकी अवधि कम करके 38 दिन कर दी गई है। 2024 में यह यात्रा 29 जून से 19 अगस्त तक चली थी, लेकिन इस बार यह यात्रा रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम
सरकार और श्राइन बोर्ड श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर इस बार खास तैयारियां कर रहे हैं। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी, रहने की व्यवस्था और भक्तों के लिए लंगर की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
देशभर से लाखों श्रद्धालु करते हैं अमरनाथ यात्रा
अमरनाथ यात्रा आषाढ़ पूर्णिमा से शुरू होकर श्रावण पूर्णिमा तक चलती है। इस दौरान देशभर से लाखों भक्त कठिन पहाड़ी रास्तों को पार कर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अमरनाथ धाम हिंदू धर्म के प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक है, जहां प्राकृतिक रूप से बनने वाले दुर्लभ शिवलिंग के दर्शन किए जाते हैं।



