ताजा ख़बरेंदेशब्रेकिंग न्यूज़

जम्मू के अखनूर में LOC के पास आईईडी ब्लास्ट, दो जवान शहीद

जम्मू के अखनूर सेक्टर में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए हैं। यह घटना उस समय हुई जब सुरक्षाबल लालेली में बाड़ के पास सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। व्हाइट नाइट कोर ने घटना की पुष्टि की और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ब्लास्ट के समय गश्त पर थे जवान

अधिकारियों के अनुसार, अखनूर सेक्टर के एलओसी के पास भट्टल इलाके में जवान गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक आईईडी में विस्फोट हुआ, जिससे दो जवान शहीद हो गए। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि इस विस्फोट को आतंकियों ने अंजाम दिया था। घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

मोर्टार शेल की भी बरामदी

आईईडी ब्लास्ट के अलावा, आज ही जम्मू के अखनूर सेक्टर में नामंदर गांव के पास एक मोर्टार शेल मिला। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना देने के बाद पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वायड मौके पर पहुंचे और शेल को निष्क्रिय कर दिया।

पाकिस्तान की जम्मू रीजन में दहशत फैलाने की साजिश

कश्मीर में आतंकी गतिविधियों पर काबू पाने के बाद अब आतंकियों और पाकिस्तान द्वारा जम्मू रीजन को अशांत करने की कोशिशें की जा रही हैं। इस महीने की शुरुआत में, राजौरी जिले के केरी सेक्टर में आतंकियों ने एलओसी के पास घुसपैठ की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय जवानों ने उनकी कोशिश को नाकाम कर दिया।

बारामूला में हथियारों का जखीरा बरामद

इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने कश्मीर के बारामूला जिले के उड़ी सेक्टर में हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा भी बरामद किया। संयुक्त टीम ने एक जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन एके-47 राइफल्स, 11 मैगजीन, 292 कारतूस, एक अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, नौ ग्रेनेड और कई हैंड ग्रेनेड बरामद किए थे। ये हथियार एक खोखले देवदार के पेड़ के अंदर छिपाए गए थे।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close
Close