India-New Zealand Champions Trophy Final : बारिश के कारण अगर रद्द हुआ मुकाबला तो कौन बनेगा चैंपियन? जानिए क्या है ICC के नियम

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का सबसे रोमांचक मुकाबला 9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह दोनों टीमों के बीच इस टूर्नामेंट में दूसरी भिड़ंत होगी, जिसमें से पहला मुकाबला ग्रुप स्टेज में हुआ था, जिसमें भारत ने जीत हासिल की थी। अब, जब ट्रॉफी दांव पर हो, दोनों टीमें दबाव में होंगी। लेकिन अगर यह मुकाबला किसी कारणवश रद्द हो जाता है तो कौन बनेगा चैंपियन? आइए जानते हैं ICC के नियम।
फाइनल रद्द होने पर क्या होगा?
अगर किसी कारण से फाइनल मैच रद्द हो जाता है, तो ट्रॉफी साझा की जाएगी, यानी भारत और न्यूजीलैंड दोनों को संयुक्त रूप से चैंपियन माना जाएगा। हालांकि, इससे पहले दोनों सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया था, और फाइनल के लिए भी ऐसा ही इंतजाम किया गया है। अगर 9 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो इसे 10 मार्च को खेला जाएगा। वहीं, मैच वहीं से फिर से शुरू होगा, जहां पर उसे रोका गया था।
डकवर्थ लुईस नियम का इस्तेमाल भी हो सकता है
अगर मैच का नतीजा निकालने के लिए डकवर्थ लुईस नियम लागू किया जाता है, तो इसके लिए कम से कम 25-25 ओवर का खेल होना जरूरी है।
क्या पहले भी कभी हुआ है फाइनल रद्द?
चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में अब तक केवल एक बार ही फाइनल रद्द हुआ है। 2002 में भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। उस समय भी रिजर्व डे था, लेकिन नियमों में थोड़ा फर्क था। तब फाइनल मैच को रिजर्व डे पर शुरू से खेला गया था और अंत में दोनों टीमों ने ट्रॉफी साझा की थी।



