नई कृषि क्रांति का आगाज़! नागपुर में लगेगा पतंजलि का एशिया का सबसे बड़ा संतरा प्रोसेसिंग प्लांट

पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के एमडी आचार्य बालकृष्ण ने मिहान, नागपुर में ‘पतंजलि मेगा फूड एंड हर्बल पार्क’ में एशिया का सबसे बड़ा संतरा प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने की घोषणा की है। उनका कहना है कि इस पहल से देश के किसानों की समृद्धि के रास्ते खुलेंगे और यह धरती देश और संविधान को नई दिशा प्रदान करेगी।
प्लांट की विशेषताएँ
इस प्लांट की प्रोसेसिंग क्षमता 800 टन प्रति दिन होगी। इसमें ए ग्रेड के साथ-साथ बी और सी ग्रेड संतरे, प्री-मैच्योर उत्पादन, और आंधी से गिरने वाले संतरे को प्रोसेस किया जाएगा। आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि यह प्लांट जीरो वेस्टेज सिस्टम पर काम करेगा, जहां संतरे के छिलके से वॉलिटाइल और फ्रेगरेंस ऑयल निकाले जाएंगे। प्लांट का उद्घाटन 9 मार्च को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे।
स्थानीय विकास और रोजगार
आचार्य ने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है। वे क्षेत्र के लगभग सभी किसानों के संपर्क में हैं और पीएम मोदी के स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत मैनपॉवर स्किल विकसित करने में भी पतंजलि अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
अत्याधुनिक तकनीक का प्रयोग
इस प्लांट में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिसमें पैकेजिंग लाइन, टैक्नोपैक और एडवांस रिसर्च लैब्स शामिल हैं। आचार्य ने कहा कि उनका लक्ष्य देश के लोगों को उच्च गुणवत्ता के उत्पाद उपलब्ध कराना है, साथ ही यहां संतरा, लाइम, आंवला, अनार, आम और अन्य फलों का जूस और पेस्ट भी तैयार किया जाएगा।



