उमा भारती ने किए महाकाल के दर्शन, CM मोहन यादव को दी खास नसीहत, जानें एलन मस्क के बारें में क्या कहा?
उमा भारती ने महाकाल के दर्शन के बाद नेहरू की उद्योग नीति की सराहना करते हुए सीएम मोहन यादव को इसे अपनाने की सलाह दी। उन्होंने शराबबंदी की अपील की और अवैध प्रवासियों पर एलन मस्क की आलोचना करते हुए उन्हें दिमागी बीमारी का आरोप लगाया।

महाशिवरात्रि के दिन उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भगवान महाकाल का अभिषेक कर आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद उन्होंने पंडित नेहरू की उद्योग नीति की सराहना की और मुख्यमंत्री मोहन यादव को इसे लागू करने की सलाह दी। उमा भारती ने कहा कि देश में दो प्रमुख विकास मॉडल रहे हैं—पंडित नेहरू का उद्योगों के विकास पर केंद्रित मॉडल और महात्मा गांधी का ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का मॉडल। उन्होंने यह सुझाव दिया कि नए निवेशों में नेहरू की औद्योगिक नीति को भी ध्यान में रखा जाए।
उमा भारती ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन दोनों विकास मॉडलों का संतुलन दिखाया है, और यदि मुख्यमंत्री मोहन यादव भी ऐसा करते हैं, तो एमओयू वास्तविक रूप से जमीन पर उतरेंगे और निवेश का सही लाभ मिलेगा।” इसके साथ ही, उन्होंने ग्लोबल समिट की सफलता के लिए अधिकारियों की प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्यवाही की आवश्यकता जताई।
शराब पर पूरी तरह रोक लगाई जाए: उमा भारती
शराबबंदी के मुद्दे पर उमा भारती ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से पूरे राज्य में शराबबंदी लागू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक शहरों में पहले ही शराबबंदी लागू की जा चुकी है और अब इसे पूरे प्रदेश में लागू करना चाहिए। उमा भारती ने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि राज्य के सभी महानगरों और ग्राम पंचायतों में शराब पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
‘उन्हें दिमागी बीमारी हो सकती है’
अंत में, अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर उमा भारती ने एलन मस्क की आलोचना की और कहा कि भारतीयों के साथ जो अन्याय हुआ, वह शर्मनाक और हिंसक था। उन्होंने मस्क को “दुनिया के सबसे अमीर आदमी” के रूप में निंदा करते हुए कहा कि उनके इस व्यवहार को देख कर लगता है कि उन्हें दिमागी बीमारी हो सकती है।


