उम्मेद भवन पैलेस में होगी शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे की शाही शादी, PM मोदी समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय की शादी जोधपुर के प्रसिद्ध उम्मेद भवन पैलेस में होने जा रही है। यह भव्य समारोह मार्च के पहले सप्ताह में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न दलों के प्रमुख नेता शामिल हो सकते हैं। आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
उम्मेद भवन पैलेस: दूसरा ताजमहल
शादी के लिए चुना गया उम्मेद भवन पैलेस अपनी भव्यता के लिए प्रसिद्ध है और इसे ‘दूसरा ताजमहल’ भी कहा जाता है। छितर के लाल पत्थरों से निर्मित यह महल आज भी अपनी शाही भव्यता को संजोए हुए है। महल के एक हिस्से में शाही परिवार निवास करता है, जबकि दूसरे भाग को होटल के रूप में ताज ग्रुप द्वारा संचालित किया जाता है। यह दुनिया के सबसे महंगे होटलों में से एक है और इसे कई संस्थानों द्वारा ‘बेस्ट हेरिटेज पैलेस’ का पुरस्कार मिल चुका है।
उम्मेद भवन में ठहरना बेहद महंगा
उम्मेद भवन पैलेस में एक रात ठहरने का किराया लाखों रुपये में है। इसकी भव्यता और सेवा इसे विश्वभर में एक प्रतिष्ठित वेडिंग डेस्टिनेशन बनाती है। दिसंबर में शिवराज सिंह चौहान खुद जोधपुर पहुंचे थे और उम्मेद भवन में शादी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया था।
6 मार्च को होगी शादी, 12 और 18 मार्च को रिसेप्शन
कार्तिकेय चौहान की शादी लिबर्टी शू कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुपम बंसल की बेटी अमानत बंसल से होगी। अमानत ने साइकोलॉजी की पढ़ाई लंदन के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से की है। दोनों की सगाई 17 अक्टूबर 2023 को हुई थी।
शादी समारोह 6 मार्च को उम्मेद भवन में होगा, जबकि 12 मार्च को भोपाल में और 18 मार्च को दिल्ली के एयरफोर्स ग्राउंड में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।
बॉलीवुड और बिजनेस टायकून की पसंद रहा है उम्मेद भवन
उम्मेद भवन पैलेस पहले भी कई हाई-प्रोफाइल शादियों का गवाह बन चुका है। यहां बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास की शादी हुई थी। हॉलीवुड स्टार लिज हर्ले और उद्योगपति अरुण नायर की शादी भी यहीं संपन्न हुई थी। हाल ही में मुकेश अंबानी ने अपनी पत्नी नीता अंबानी का जन्मदिन भी इसी पैलेस में मनाया था।


