भानपुरा में टीका लगाने आए अनेक युवाओं को चल रही मनमानी के कारण निराश होकर लौटना पड़ा
काउंटर बढ़ाकर व्यवस्था सुधारी जाएगी तहसीलदार भानपुरा

भानपुरा से दीपक रुद्रवाल की रिपोर्ट
सुबह 4:30 बजे लगे लाइनों में टोकन देने वाले की मनमानी से कई निराश होकर लौटे
भानपुरा । बुधवार 2 मई को शासकीय चिकित्सालय भानपुरा में कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाने आए 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवा सुबह 4:30 बजे से लेकर लाइनों में लगे। जिनकी संख्या वरिष्ठ अधिकारी एवं तहसीलदार राकेश यादव द्वारा गिने जाने के बावजूद लाइन में लगे अनेक युवाओं को निराश होकर लौटना पड़ा। इस दौरान अनेक युवाओं ने टोकन देने वालों को आड़े हाथों लेकर की जा रही मनमानी का आरोप लगाकर अपना आक्रोश व शासकीय चिकित्सालय भानपुरा में वैक्सीन लगाने के मामले में हो रही मनमानी पर भारी नाराजगी व्यक्ति की।
समीपस्थ गांव सांजलपुर से वैक्सीन लगवाने आए संजय पाटीदार, मनोज पाटीदार, जय पाटीदार ने बताया कि वह 3 दिन से यहां आ रहे हैं। परंतु आज 4:30 बजे से ही शासकीय चिकित्सालय में आकर लाइन में लग गए थे। संजय पाटीदार ने बताया कि मैं एक नंबर पर खड़ा था मेरे साथ आए मनोज पाटीदार एवं जय पाटीदार को 7 वां 8 वां तथा 11 नंबर का टोकन दिया गया 6 नंबर पहले से ही फर्जी रूप से किसी को दे दिए गए। वंही उमंग सक्सेना एवं अंकुर सक्सेना ने बताया कि वह 6:00 बजे शासकीय चिकित्सालय में आए जब वह लाइन में खड़े थे तब वे 90 नंबर के लगभग खड़े थे। हमारे टोकन का नंबर मुश्किल से 200 नंबर के आसपास लगा है। इतने नंबरों की फर्जी हेराफेरी कैसे हो रही यह समझ से परे है। इसी तरह मनोज पटवा व विनू जैन ने बताया कि टोकन के लिए 6:00 बजे के लगभग आने के बावजूद नहीं मिला। जबकि यहां 100 जने भी नहीं खड़े थे व 200 वैक्सीन लगना थी। पत्रकारों को राहुल माल ने बताया कि वह भी 6:00 बजे से आया हुआ था परंतु भारी भीड़ देख वहां चल रही मनमानी के कारण उसे खाली हाथ लौटना पड़ा। इसी तरह मेसलमा बोहरा व उनके साथ आई सहेली ने बताया कि तहसीलदार साहब स्वयं ने लाइन में खड़े लोगों की संख्या गिनी तब मेरा नंबर 80 वां था। उन्होंने कहा कि आपको टोकन मिल जाएगा लेकिन दूसरे टोकन देने वालों ने क्या गुल खिलाया कि हमें आज नंबर ही नहीं मिला है। इस तरह अनेक युवक-युवतियां अपनी बारी का इंतजार करते रहे जिन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
इस तरह के आरोपों के मामले में पूछे जाने पर ब्लॉक मेडिकल अधिकारी बीएल सिसोदिया एवं तहसीलदार राकेश यादव ने बताया कि कहां चूक हुई है। इसकी तस्दीक करवाई जा रही है। शायद अधिक भीड़भाड़ व अफरा तफरी के चलते सही नंबर पर लोग खड़े नहीं रह सके हो। कहीं युवा नाराज होकर लौटे हैं। निश्चित ही कहीं चूक हुई होगी। आगे से काउंटर बढ़ाकर तत्काल टोकन देने का काम किया जाएगा ताकि पहले आओ पहले पाओ के नियम का पालन कराया जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कई ऊंची पंहुच व वजूद वाले दबंगों मैं अपने रुतबे का उपयोग कर अपने मिलने वालों, परिवार वालों को बिना लाइन में लगाया ही फर्जी रूप से टोकन प्राप्त कर लिया हो। इसी कारण जो ईमानदारी से लाइन में लगे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा इस तरह की मनमानी युवाओं को पच नहीं रही है वंही वैक्सीनेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में फर्जीवाड़ा होना यहां चल रही अव्यवस्थाओं की पोल खोल रहा है। नगर के युवाओं ने मांग की है कि उन्हें उनके नंबर पर वैक्सीन लगाने का अवसर प्रदान किया जाए इसी में किसी की मनमानी नहीं चलना चाहिए।


