भानपुरा। वैक्सीन के लिए मोबाइल पर मैसेज कर बुलाया व पहले ही हो गई बंदरबांट…..
कोरोना वैक्सीन पर्याप्त संख्या में नहीं मिल रही है हम क्या करें... ब्लॉक मेडिकल अधिकारी भानपुरा.....

भानपुरा से दीपक रुद्रवाल की रिपोर्ट
बड़ी संख्या में शासकीय चिकित्सालय भानपुरा पहुंचे 45 प्लस दूसरे डोज वाले प्रतीक्षारत महिला पुरुषों को लौटना पड़ा खाली हाथ…..
भानपुरा । कोविड-19 महामारी से बचाव हेतु कोरोना वैक्सीन कोविडशिल्ड के टीके लगवाने के लिए सोमवार 28 जून को शासकीय चिकित्सालय भानपुरा में आए बड़ी संख्या में लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। यही नहीं जिनको प्रथम कोरोना का डोज लगाए 84 से भी 90 दिन तक पूरे हो गए हैं। और उन्हें टीका लगाने हेतु स्वास्थ्य विभाग से मोबाइल पर प्रातः 10 बजे शासकीय चिकित्सालय भानपुरा में आकर टीका लगवाने का मैसेज आया उन महिला पुरुषों को भी खाली हाथ लौटना पड़ा यह आश्चर्यजनक है। टीका लगाने वाले बड़ी संख्या में महिला पुरुष शासकीय चिकित्सालय में इधर-उधर भटकते रहे। जिन्हें वैक्सीन का दूसरा डोज लगना समय सीमा में जरूरी है। शासकीय चिकित्सालय भानपुरा में आए संजय पारनेकर, रामलाल मलिक सत्यनारायण सेठिया, विनोद कुमार भाना, पारस मुन्या, अनिल भाना, आशाराम भाना, चंद्रप्रकाश जोशी, गीता बाई मोदी, कैलाश टेलर, भगवंती बाई, कृष्णा रुद्रवाल, रमेश विश्वकर्मा ,मन्जू, विश्वकर्मा, रामदयाल उपाध्याय, धर्मेंद्र सोनी, श्रवण कुमार मालवीय, फुलकुवर बाई, राम गोपाल मेघवाल, मोहनलाल मेघवाल, ममता पारनेकर, सत्यनारायण मरमट, धर्मेंद्र ठोरा, श्रीमती ठोरा, अरविंद शर्मा , राजेंद्र बम्बोरिया सहित अनेक स्थानीय महिला पुरुषों ने बताया कि वह बड़ी उम्मीद से कोरोना वैक्सीन का टीका लगाने आए थे नगर परिषद द्वारा बार-बार विज्ञापन किया जा रहा है भारत सरकार निःशुल्क वैक्सीन के टीके का खूब ढिंढोरा पीट रही है और जब नंबर आने के बावजूद अस्पताल आए तो हमें टका सा जवाब दे दिया गया कि टोकन समाप्त हो गए हैं। उन्होंने बताया कि हमें 84 दिन पूरे हो गए तो किसी ने बताया कि हमें 90 या 92 दिन पूरे हो गए हमें कोरोना का खतरा बढ़ रहा है। हमारे द्वारा पहला डोज लगाए जाना भी बेकार हो जाएगा वही इस बीमारी से बचाव नहीं होने से महामारी का खतरा बढ़ जाएगा।
शासकीय चिकित्सालय में राजस्व विभाग की ओर से टोकन वितरण करने वाले पटवारी कपिल गौड़ ने बताया कि मुझे टोकन वितरण का काम दिया है पहले आए उन्हें दिए गए नियम कायदे तहसीलदार एवं ब्लॉक मेडिकल आधिकारिक से आप पूछें।
इस मामले में तहसीलदार राकेश यादव से फोन पर चर्चा की गई तो उनके द्वारा बाहर होना बताया गया। एवं बताया कि वैक्सिंग के डोज बहुत कम आ रहे हैं। श्री यादव ने कहा कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को बताया जाएगा।
वही ब्लॉक मेडिकल अधिकारी बीएल सिसोदिया ने बताया कि 45 प्लस के लिए 50 एवं 18 प्लस के लिए डेढ़ सौ टीके आए थे। 45 प्लस वालों के लिए टीके अत्यधिक कम आ रहे हैं। ऐसे में हमारे हाथ में कुछ नहीं है। आपने बताया कि भारत सरकार एवं मंदसौर जिला चिकित्सालय से जिस तरह से टीके हमें प्राप्त हो रहे हैं वैसे ही हम लगा रहे हैं। श्री सिसोदिया के अनुसार शासकीय चिकित्सालय भानपुरा में प्रातः 8 बजे टोकन वितरण का कार्यक्रम शुरू होता है। इस अनुसार जो पहले आता है उसे वितरित कर दिया जाता है। आप से जब यह पूछा गया कि दूसरा डोज लगाने वालों को मोबाइल पर मैसेज आ रहे हैं फिर उनका क्या होगा, तो उन्होंने बताया कि यह मेरे हाथ में नहीं है यदि कुछ दिन ऊपर भी होते हैं तो लोगों की इम्युनिटी बढ़ेगी।
सोमवार को तहसील भानपुरा के 13 केंद्रों पर क्रमशः भानपुरा, भैसोदा, संधारा, धुआंखेड़ी ,अन्तरालिया, अर्नियाचारण, प्रेमपुरिया, ओसारा, कैलाशपुर, बडो़दिया, गोविंदखेड़ा, सांजलपुर एवं सानडा में 18 से अधिक उम्र वालों के लिए 150 -150 टीके एवं 45 से अधिक उम्र वालों के लिए 50-50 टीके इस तरह से कुछ 2600 टीके आए थे। शासकीय चिकित्सालय भानपुरा से बिना कोरोना वैक्सीन के टीके लगाये खाली हाथ लौटे लोगों में कोरोना वैक्सीन का टिका नहीं लगने को लेकर काफी निराशा का वातावरण है। वही टोकन वितरण के मामले में भी शासकीय चिकित्सालय भानपुरा में मनमानी किए जाने के आरोप लोगों ने खूब लगाए।


