कोरोना पॉजिटिव की मौत के बाद जिला अस्पताल में जमकर हंगामा – परिजनों ने की तोडफ़ोड़, स्वास्थ्यकर्मियों से बदसलूकी – नाराज डॉक्टरों ने की हड़ताल, प्रत्येक वार्ड में पुलिस की तैनातगी की मांग

अशोकनगर से ओमप्रकाश रघुवंशी की रिपोर्ट
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों के साथ ली बैठक
जिला अस्पताल में शुक्रवार को एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान हंगामा कर रहे परिजनों ने तोडफ़ोड़ भी की। साथ ही ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के साथ बदसलूकी भी की। बता दें कि पिपरई थाना क्षेत्र के ग्राम खोरीवरी निवासी शिक्षक जगत सिंह पुत्र दोजेराम अहिरवार के कोरोना संक्रमित मिलने पर उपचार के जिला अस्पताल लाया गया था। जहां शुक्रवार की दोपहर इलाज के दौरान शिक्षक जगह अहिरवार की मौत हो गई। शिक्षक की मौत के बाद भडक़े परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ मारपीट करने का प्रयास किया। वहीं अश£ील शब्दों का प्रयोग करते हुए जमकर तोडफ़ोड़ की। यही नहीं मृतक के भाई एवं मां शव वाहन के आगे लेट गए और शव को नहीं ले जाने दिया। जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन के पुलिस को सूचना दी तो बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और मृतक के परिजनों को शांत कराया गया। इधर, परिजनों की इस बदसलूकी से नाराज डॉक्टरों ने भी काम बंद कर हड़ताल कर दी। डॉक्टरों ने बताया कि प्रतिदिन इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होने मांग की कि प्रत्येक वार्ड में 2-2 पुलिस कर्मी तैनात किये जाएं। वहीं डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने की खबर विधायक जजपाल सिंह जज्जी को लगी तो वह जिला अस्पताल पहुंचे और सिविल सर्जन के कक्ष में डॉक्टरों के साथ एक बैठक ली गई। बैठक के बाद सभी डॉक्टर वापिस काम पर लौट गए हैं।


