कलेक्टर के आदेश की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे लोग.. प्रशासन सो रहा चैन की नींद।

मालथौन से विकास सेन की रिपोर्ट
कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे खतरों के बीच सरकार ने प्रशासन को सख्ती से पालन करने के आदेश जारी किए गए हैं। जिसमें सभी अधिकारियों को इसके लिए कोविड गाइडलाइंस का हर हाल में अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिसके चलते सागर जिले के ज़िलाधीश ने भी आदेश कर जिले में लॉक डाउन को 1 मई तक बढ़ाया हैं। लेकिन मालथौन तहसील के बरोदिया कला सहित आस पास के गांवों में दुकानदार एवं आमजन कलेक्टर के आदेश की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं । जहां दुकानदार पीछे के दरवाजे से अपनी दुकानों में भीड़ जमा कर रहे हैं तो वही जनता भी खुलेआम बाजारों में घूम रही है।ना ही सोशल डिस्टेंस का पालन किया जा रहा है ना ही कोरोना से बचने वाले नियमों का पालन किया जा रहा है। लोगों को रोकने में पुलिस प्रशासन लगभग नाकाम साबित हो रहा हैं। पुलिस चौकी बरोदिया कलां के आस पास ही व्यापारी धड़ल्ले से दुकाने खोलकर बेरोकटोक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। बरोदिया चौकी पुलिस द्वारा नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ कार्यवाही न होने के चलते आमजन एवं व्यापारी खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर जिले के कलेक्टर के आदेश को पतीला लगाते नजर आ रहे हैं।
इस बारे में अनुविभागीय अधिकारी मालथौन से जानकारी चाही तो उन्होंने कहा कि पुलिस को निर्देशित किया जा रहा हैं जो भी लोग नियमों को तोड़ते हुए मिलेंगे उन पर कार्यवाही की जायेगी।


