खंड स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह की बैठक संपन्न
नगर में सप्ताह में निर्धारित 3-3 दिवस को खुलेगी दुकानें

जुन्नारदेव से ज्ञानेश्वर विश्वकर्मा की रिपोर्ट
50 फ़ीसदी प्रतिष्ठानों के हिसाब से होगा दुकानों का वर्गीकरण
कल सुबह 10:00 बजे प्रशासनिक स्तर पर होगी घोषणा
खंड स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में बनी आम सहमति
जुन्नारदेव-
कोरोना संक्रमण काल के 54 दिनों के लगातार कोरोना कर्फ़्यू के बाद अब 1 जून से संपूर्ण मध्यप्रदेश अनलोक किया जा रहा है। इसी कड़ी में अपना शहर जुन्नारदेव में भी कल 1 जून से बाजार अनलॉक हो रहा है। इसी कड़ी में जिला कलेक्टर सौरव कुमार सुमन के निर्देशानुसार आज खंड स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह की बैठक संपन्न हुई, जिसमें यह तय किया गया कि बाजार को 50 फ़ीसदी प्रत्येक दिन खोला जाएगा अर्थात शहर के आधे प्रतिष्ठान सोमवार बुधवार और शुक्रवार को खोले जाएंगे तो वहीं अन्य श्रेणी के दूसरे प्रतिष्ठान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को खुलेंगे जबकि रविवार को कोरोना कर्फ़्यू कड़ाई से लागू किया जाएगा।
प्रशासन के द्वारा दुकानों के इस वर्गीकरण की घोषणा कल प्रातः 10:00 बजे कर दी जाएगी। इसके मुताबिक कपड़ा, किराना, इलेक्ट्रॉनिक्स, जूता, हार्डवेयर, रेडीमेड, स्टेशनरी, जनरल स्टोर, सर्राफा सहित अन्य प्रतिष्ठानों को इन दो वर्गों में विभाजित कर 50 फ़ीसदी दुकानों को खोलने की शासन की मंशा को पूर्ण किया जाएगा। खंड स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मधुवंतराव धुर्वे ने इस अवसर पर बताया कि गृह मंत्रालय एवं जिला कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन के निर्देशानुसार अब जुन्नारदेव का बाजार को व्यवस्थित तरीके से खोलने की प्रशासनिक तैयारी लगभग पूर्ण हो चुकी है। इस संदर्भ में आज की बैठक में लिए गए निर्णय को माननीय जिला कलेक्टर के अनुमोदन पश्चात आमजन के लिए यह घोषणा कल प्रातः 10:00 कर दी जाएगी।


