MP में सियासी संग्राम! नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भेजा ₹20 करोड़ का नोटिस

मध्य प्रदेश की राजनीति में टकराव और तेज हो गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ₹20 करोड़ की अवमानना का नोटिस भेजा है। यह नोटिस सिंघार के उस बयान के बाद भेजा गया है, जिसमें उन्होंने मंत्री राजपूत का नाम सौरभ शर्मा की अवैध संपत्ति से जोड़ा था।
भ्रष्टाचार के आरोपों से भड़के मंत्री
हाल ही में परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा की काली कमाई का खुलासा हुआ था। इसके बाद उमंग सिंघार ने मंच से खुलेआम आरोप लगाया कि इस घोटाले में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और भूपेंद्र सिंह भी शामिल हैं। इतना ही नहीं, सिंघार ने गोविंद सिंह राजपूत पर ₹1500 करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। इन गंभीर आरोपों के चलते राजपूत ने अब कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया और ₹20 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा।
दोस्ती से दुश्मनी तक का सफर!
कभी अच्छे दोस्त रहे गोविंद सिंह राजपूत और उमंग सिंघार अब राजनीतिक दुश्मन बन चुके हैं। दोनों एक ही दल (कांग्रेस) में थे, लेकिन जब गोविंद सिंह राजपूत ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बीजेपी जॉइन की, तब से ही इनके रिश्ते में तल्खी आ गई। इसके बाद से सियासी बयानबाजी तेज होती गई और अब यह लड़ाई कानूनी मोर्चे तक पहुंच चुकी है।
सिंघार का जवाब – डरेंगे नहीं!
इस नोटिस पर उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी और लिखा कि वे डरेंगे नहीं, बल्कि कानूनी तरीके से जवाब देंगे। इससे साफ जाहिर है कि यह राजनीतिक टकराव जल्दी खत्म होने वाला नहीं है और अब यह जंग अदालत तक पहुंचने वाली है।



