CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव! साल में दो बार होंगे एग्जाम, समय भी होगा कम

CBSE (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 10वीं की परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। बोर्ड जल्द ही इस बदलाव का ड्राफ्ट जारी करेगा, जिस पर लोगों से सुझाव मांगे जाएंगे।
बोर्ड परीक्षा का समय होगा कम
फिलहाल, 10वीं बोर्ड परीक्षाएं एक महीने तक चलती हैं, लेकिन अब इसे दो सप्ताह या उससे भी कम समय में पूरा करने की योजना बनाई जा रही है। अभी तक परीक्षा का टाइम टेबल इस तरह से बनाया जाता है कि दो विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन न हों और कई बार एक पेपर से दूसरे पेपर के बीच 3 से 10 दिनों तक का अंतर होता है। लेकिन अब पेपरों के बीच का गैप कम किया जाएगा, जिससे परिणाम भी जल्द घोषित किए जा सकें।
साल में दो बार परीक्षा, छात्रों को होगा फायदा
साल में दो बार परीक्षा होने से छात्रों को ज्यादा मौके मिलेंगे। अगर कोई छात्र पहली परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता है, तो दूसरी बार में अपनी परफॉर्मेंस सुधार सकता है। यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत किया जा रहा है, जिससे छात्रों पर परीक्षा का दबाव कम हो और उन्हें बेहतर विकल्प मिलें।
जल्द आएगा ड्राफ्ट, मांगे जाएंगे सुझाव
हाल ही में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें CBSE, केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और NCERT के अधिकारियों ने इस योजना पर चर्चा की। शिक्षा मंत्रालय ने CBSE को निर्देश दिया है कि वह जल्द ही इस योजना का ड्राफ्ट जारी करे। इसके बाद इसे सार्वजनिक सुझावों के लिए खोला जाएगा और फीडबैक के आधार पर अंतिम योजना तैयार की जाएगी।
12वीं बोर्ड पर फैसला बाद में
फिलहाल, यह बदलाव केवल 10वीं के छात्रों के लिए लागू किया जाएगा। 12वीं की परीक्षा को लेकर कोई भी फैसला 10वीं की दो बार परीक्षा कराने के अनुभव के आधार पर लिया जाएगा।
छात्रों के लिए बड़ा बदलाव!
CBSE की यह नई योजना छात्रों के लिए मजबूत एकेडमिक सिस्टम बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकती है। अब छात्रों को बेहतर तैयारी और प्रदर्शन सुधारने का ज्यादा मौका मिलेगा। जल्द ही इसके बारे में और जानकारी सामने आएगी, जब बोर्ड इस पर अंतिम फैसला लेगा।



